• Home
  • देश
  • दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 11 की मौत 14 लापता
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 11 की मौत 14 लापता

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 11 की मौत 14 लापता

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर 2025। देश भर में विजय दशमी के बाद दुर्गा प्रतिमा विसर्जन हो रहा है। इस दौरान मध्य प्रदेश के खंडवा में शुक्रवार 3 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। यहां तालाब में ट्रैक्टर और ट्रॉली गिरने से 20-25 लोग डूब गए।

घटना पंधाना क्षेत्र के अर्दला गांव की है। समाचार लिखे जाने तक 11 शव निकाले गए थे। इनमें 8 शव बच्चियों के हैं। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और स्थानीय प्रशासन समेत कई आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 लोग सवार थे। ये सभी पंधाना थाना क्षेत्र के जमाली के पास एक तालाब में दुर्गा विसर्जन के लिए आए हुए थे। तभी पुलिया पर चढ़ने के दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और वो ट्रॉली समेत तालाब में जा गिरा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कई लोगों को बचा लिया, लेकिन करीब 14 लोग अभी भी लापता हैं। 3 गंभीर घायलों को खंडवा रेफर किया गया है।

उज्जैन में ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरी, 2 की मौत

उज्जैन में भी दुर्गा विसर्जन पर हादसा हो गया है। यहां के इंगोरिया में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से चंबल नदी में गिर गई। इस हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 11 बच्चों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। एक बच्चा लापता बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पुल पर खड़ा था, तभी किसी बच्चे ने उसे स्टार्ट कर दिया। इसके बाद ट्रैक्टर रैलिंग तोड़कर नदी में गिर गया।