नई दिल्ली, 30 जुलाई 2025। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) में 230 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 जुलाई 2025 को दोपहर 12 बजे से शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 18 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। यूपीएससी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन से पहले विस्तृत अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा
प्रवर्तन अधिकारी/लेखा अधिकारी (EO/AO) के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होनी चाहिए। इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष है, जिसमें एससी/एसटी वर्ग को 5 वर्ष और ओबीसी को 3 वर्ष की छूट दी जाएगी। सहायक भविष्य निधि आयुक्त (एपीएफसी) के लिए सामान्य/ईडब्ल्यूएस श्रेणी की अधिकतम आयु 35 वर्ष, ओबीसी के लिए 38 वर्ष, एससी के लिए 40 वर्ष और PwBD उम्मीदवारों के लिए 45 वर्ष निर्धारित है।
वेतनमान
प्रवर्तन अधिकारी/लेखा अधिकारी को सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन मैट्रिक्स लेवल-08 में वेतन दिया जाएगा, जबकि सहायक भविष्य निधि आयुक्त के लिए वेतन मैट्रिक्स लेवल-10 निर्धारित है।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा। दोनों चरणों में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी, जिसके अनुसार नियुक्तियां होंगी।
आवेदन प्रक्रिया
- उम्मीदवार सबसे पहले upsconline.nic.in पर जाएं और ‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन’ (OTR) पूरा करें।
- रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन कर ईपीएफओ भर्ती लिंक पर क्लिक करें।
- व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षिक योग्यता, अनुभव आदि सावधानीपूर्वक भरें।
- पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
- आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करने के बाद प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।

















