Join US

स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवन जीने का संस्कार

मण्डला, 31 जुलाई 2026। मध्य प्रदेश के मण्डला में जन शिक्षण संस्थान ने स्वच्छता पखवाड़ा (15 से 31 जुलाई, 2026) का आयोजन किया। कार्यक्रम का समापन समारोह संस्थान मुख्यालय में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा तुलसी के पौधे का रोपण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम में श्रीमती प्रिया धुर्वे, वरिष्ठ समाज सेविका, श्रीमती इन्दू पाण्डेय, सचिव, भारतीय आदिम जाति सेवक संघ, अनिल दूबे, प्रभारी प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला एवं सदस्य, प्रबंध मंडल ज.शि.संस्थन, सुदीप ज्योतिषी, पूर्व निदेशक, राजेश बाजपेयी, संचालक, भारतीय आदिम जाति सेवक संघ तथा श्रीमती वर्षा तिवारी, अध्यापक, पैरामेडिकल कॉलेज, महाराजपुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए जन शिक्षण संस्थान, मण्डला के निदेशक अखिलेश पाण्डेय ने संस्थान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्रों में स्वच्छता अभियान, श्रमदान, पौधारोपण, स्वच्छता शपथ, जागरूकता रैली, निबंध, चित्रकला तथा अन्य जनजागरूकता गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन जीने का संस्कार है। स्वच्छ वातावरण से समाज स्वस्थ, जागरूक एवं समृद्ध बनता है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश देते हुए प्रत्येक अतिथि एवं प्रतिभागी को कपड़े का थैला भेंट किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शमशाद बेगम, श्री युगल प्रकाश द्विवेदी सहा. कार्यक्रम अधिकारी देवेन्द्र कौडिया, श्रीमती श्रद्वा चौबे, क्षेत्र सहायक प्रमोद परमार का विशेष सहयोग रहा। संचालन राकेश कुमार सिन्धिया द्वारा किया गया। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।