प्रतापगढ़, 17 अक्टूबर 2025। ब्लाक पट्टी सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक प्रमुख क्षेत्र पंचायत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
बैठक में दयाराम यादव, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, राजीव पाण्डेय, खण्ड विकास अधिकारी पट्टी, अरूण यादव, एसडीओ, कृषि विभाग व बाल विकास पुष्टाहार के अधिकारी, साथ ही सभी ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
इस बैठक में क्षेत्र पंचायत के तहत विकास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें करीब 3.5 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई।चर्चा के दौरान ग्रामीण विकास, सड़क निर्माण, जल संरक्षण और पोषण संबंधी योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया।
ग्राम प्रधानों ने अपनी-अपनी पंचायतों की समस्याओं को उठाया, जिस पर अधिकारियों ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। खण्ड विकास अधिकारी राजीव पाण्डेय ने बताया कि इन परियोजनाओं से स्थानीय बुनियादी ढांचे में सुधार होगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ने विकास कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता पर बल देते हुए ग्राम सभाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। बैठक के मध्य एक दुखद घटना ने सभी को भावुक कर दिया। ग्राम प्रधान कोहरांव विमला देवी के आकस्मिक निधन की सूचना मिलने पर बैठक में शोक संवेदना व्यक्त की गई।
प्रमुख ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उपस्थित सदस्यों ने विमला देवी के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके परिवार के प्रति सहानुभूति जताई।













