प्रतापगढ़, 8 नवंबर 2025। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के विकास खंड सदर के बासुपुर बेलखरिया कटैया गांव की बेटी माही सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। माही सिंह का चयन आस्ट्रेलिया सरकार के प्रतिष्ठित विभाग डिपार्टमेंट आफ फॉरेन अफेयर्स एंड ट्रेड (डीफैट) में सदस्य के रूप में हुआ है। इस उपलब्धि से न केवल प्रतापगढ़ बल्कि पूरे प्रदेश का नाम गौरवान्वित हुआ है।
बीते दिनों माही सिंह ने आस्ट्रेलिया पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण किया। उनके चयन की खबर मिलते ही बासुपुर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर उनके माता-पिता का स्वागत किया और गांव में जश्न का माहौल बन गया।
माही सिंह अब आस्ट्रेलिया और भारत सरकार के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ सतत विकास से जुड़े अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स पर कार्य कर रही हैं। डीफैट विभाग में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में माही सिंह का औपचारिक स्वागत और सम्मान किया गया।
माही सिंह के पिता डॉ. यशवंत सिंह वाराणसी मंडल के पशुपालन विभाग में संयुक्त निदेशक हैं। मां डॉ. रेनू सिंह अमेठी के कृषि विज्ञान केंद्र में विषय वस्तु विशेषज्ञ एवं एसोसिएट प्रोफेसर हैं। माही माता-पिता की इकलौती संतान हैं। परिवार की इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों में गर्व और उत्साह का वातावरण है।
माही सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने नाना नरेंद्र बहादुर सिंह, माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
उनके चयन की जानकारी मिलते ही बासुपुर गांव में लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। विनय कुमार सिंह और पूर्व प्रधान संजय सिंह ने कहा कि माही ने देश ही नहीं, बल्कि विदेश में भी हमारे गांव का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता से बेटियों के प्रति समाज का नजरिया और सकारात्मक होगा।
गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने भी कहा कि माही सिंह की उपलब्धि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने दिखा दिया कि मेहनत, लगन और परिवार के आशीर्वाद से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।














