• Home
  • यूपी
  • बोर्रा में एएनएम ने लगाए टीके, आशा ने वितरित किया शगुन किट
बोर्रा में एएनएम ने लगाए टीके, आशा ने वितरित किया शगुन किट

बोर्रा में एएनएम ने लगाए टीके, आशा ने वितरित किया शगुन किट

गौरा (प्रतापगढ़), 24 अक्टूबर 2025। प्रतापगढ़ जिले के तहसील रानीगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत ग्राम बोर्रा में शुक्रवार को टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एएनएम ने गर्भवती महिलाओं और पांच वर्ष तक के बच्चों को जरुरी टीके लगाये। आशा ने नवदंपतियों को शगुन किट का वितरण किया।

टीकाकरण अभियान का संचालन एएनएम रीता देवी ने किया। उन्होंने 0 से 5 वर्ष की आयु तक के बच्चों को नियमित टीके लगाए और गर्भवती महिलाओं को टीडी के टीके दिए। इसके साथ ही आयरन और कैल्शियम की गोलियां वितरित की गईं ताकि मातृ स्वास्थ्य को सशक्त बनाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान आशा कार्यकर्ता सुमन श्रीवास्तव ने नवविवाहित दंपत्तियों को शगुन किट प्रदान की, जिसमें परिवार नियोजन और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं सामग्री शामिल थी। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को नियमित जांच, संतुलित आहार और सुरक्षित मातृत्व के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर सुपरवाइजर अंकित सिंह, संगिनी बबिता देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शशी सिंह, नीरा श्रीवास्तव और सीता देवी मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर गांव के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

सुपरवाइजर अंकित सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और टीकाकरण कार्यक्रमों की निरंतरता बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से प्रत्येक ग्राम पंचायत में नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं ताकि कोई भी बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे।