प्रतापगढ़, 29 नवंबर 2025। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में सिटी मजिस्ट्रेट के रूप नियुक्त आईएएस अनुष्का शर्मा उन लाखों युवाओं के लिए एक जीवंत प्रेरणा हैं, जो यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (UPSC CSE) क्रैक करने का सपना देखते हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर की इस युवा अधिकारी ने UPSC CSE 2022 में अखिल भारतीय रैंक (AIR) 20 हासिल कर न केवल अपनी मेहनत का लोहा मनवाया, बल्कि बिना किसी कोचिंग के सफलता प्राप्त कर उन मिथकों को भी तोड़ा, जो कोचिंग को UPSC की तैयारी का एकमात्र रास्ता मानते हैं।
23 मई 2023 को घोषित परिणामों ने अनुष्का को राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरने का मौका दिया। अनुष्का शर्मा का जन्म राजस्थान के जयपुर में एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ। उनके पिता सुनील शर्मा एक बैंक अधिकारी हैं, जिनका बार-बार होने वाला तबादला परिवार को मुंबई, चंडीगढ़ और इंदौर जैसे विभिन्न शहरों में ले जाता रहा। इस लगातार बदलते वातावरण ने अनुष्का को अनुकूलन की कला सिखाई, जो आगे चलकर उनके जीवन का आधार बनी।
10वीं की पढ़ाई मुंबई से पूरी की। 11वीं-12वीं की चंडीगढ़ में पढ़ाई की। स्नातक की शिक्षा न्यूयॉर्क के सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क (CUNY) से ली। यहां अर्थशास्त्र में B.A. किया। विदेश में उच्च शिक्षा के बावजूद अनुष्का का मन हमेशा से भारत की विकास यात्रा से जुड़ना चाहता था।
चचेरी बहन से मिली प्रेरणा
उनकी मां, जो गृहिणी हैं, ने घर का मजबूत आधार प्रदान किया। लेकिन सबसे बड़ी प्रेरणा बनीं उनकी चचेरी बहन हिमानी शर्मा, जो स्वयं एक सफल आईएएस अधिकारी हैं। अनुष्का कहती हैं, हिमानी दीदी मेरी आइडल हैं। उन्होंने मुझे न सिर्फ सलाह दी, बल्कि तैयारी के दौरान किताबें और रणनीति भी साझा कीं।
तीन साल का कठिन संघर्ष
UPSC की तैयारी अनुष्का के लिए कोई आसान रास्ता नहीं था। तीन साल की अथक मेहनत और असफलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। पहला प्रीलिम्स क्लियर नहीं हुआ फिर आधारभूत कमजोरियों पर काम किया। दूसरे प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंची, फाइनल लिस्ट से चूक गयीं। इसके बाद उत्तर लेखन और इंटरव्यू में सुधार किया और तीसरे प्रयास में AIR 20 हासिल कर आईएएस बन गईं।
दृढ़ता और रणनीति की जीत
अनुष्का कहती हैं, मैं दृढ़ थी। हर असफलता से सीखा और आगे बढ़ी। हार मानना मेरी फितरत में ही नहीं था। बिना कोचिंग की सफलता का रहस्यअनुष्का की सफलता का सबसे प्रेरणादायक पहलू है सेल्फ-स्टडी पर आधारित उनकी तैयारी। उन्होंने किसी भी कोचिंग इंस्टीट्यूट का सहारा नहीं लिया। अनुष्का युवाओं से कहती हैं, UPSC सिर्फ परीक्षा नहीं, बल्कि आत्म-अनुशासन और धैर्य की परीक्षा है। कोचिंग जरूरी नहीं, सही दिशा और निरंतर प्रयास जरूरी हैं।













