मुरादाबाद, 1 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने बुधवार रात एक बड़ी कामयाबी हासिल की। सिविल लाइंस क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ टिड्डा को ढेर कर दिया। यह वही बदमाश था जिसने मुरादाबाद के प्रतिष्ठित निर्यातक से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगकर पुलिस की नाक में दम कर रखा था।
जानकारी के अनुसार, मेरठ एसटीएफ और मुरादाबाद पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी आसिफ उर्फ टिड्डा रंगदारी की रकम वसूलने के लिए शहर में दाखिल हुआ है। बुधवार रात करीब 10 बजे पुलिस ने उसे इस्लाम नगर रोड स्थित पोस्टमार्टम हाउस के पास घेराबंदी की।
खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें आसिफ उर्फ टिड्डा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
5 करोड़ की रंगदारी और गेट पर फायरिंग
यह पूरा मामला 12 मार्च 2026 को शुरू हुआ था। मुरादाबाद के शुभम ग्रीन विला निवासी और ‘वजीर चंद्र एक्सपोर्ट’ के मालिक अरशू ढल को एक अनजान व्हाट्सएप नंबर से कॉल और मैसेज आए थे। बदमाश ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए 5 करोड़ रुपये का इंतजाम करने की धमकी दी थी।
निर्यातक ने जब इस पर ध्यान नहीं दिया, तो 14 मार्च को दोबारा मैसेज आया जिसमें लिखा था तुम आसिफ उधम को नहीं जानते हो। दहशत फैलाने के लिए इसके अगले ही दिन बाइक सवार बदमाशों ने निर्यातक की फर्म के गेट पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले के बाद पूरे शहर के व्यापारियों में आक्रोश और डर का माहौल था।
कौन था आसिफ उर्फ टिड्डा
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मारा गया बदमाश आसिफ उर्फ टिड्डा मूल रूप से हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव का रहने वाला था। उसके अपराध की कुंडली काफी लंबी है। आशू पर अलग-अलग थानों में हत्या, लूट और रंगदारी के 36 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे।
मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि सिविल लाइंस पुलिस और एसटीएफ लगातार इस केस पर काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि बदमाश रंगदारी की रकम लेने मुरादाबाद पहुंचा था। पुलिस ने जब उसे सरेंडर करने को कहा तो उसने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई पुलिस फायरिंग में वह मारा गया। व्यापारियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
शहर के व्यापारियों ने ली राहत की सांस
मुरादाबाद के एक्सपोर्ट जगत में इस एनकाउंटर के बाद राहत देखी जा रही है। निर्यातक अरशू ढल को लगातार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों को सख्त संदेश दिया है कि मुरादाबाद में गुंडागर्दी और वसूली का दौर अब खत्म हो चुका है।