प्रतापगढ़, 29 नवंबर 2025। विकास खण्ड आसपुर देवसरा, प्रतापगढ़ के प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर हैदरपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR कार्य निरंतर प्रगति पर है । यह कार्य चुनाव आयोग की शीर्ष वरीयताओं में शामिल है, जिसके अंतर्गत जनपद के विभिन्न विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए मतदाता सूची में सुधार और अद्यतन प्रक्रिया को शुद्धता के साथ पूरा कर रहे हैं ।
SIR अभियान के दौरान टीम द्वारा मृतक एवं शिफ्टेड मतदाताओं का चिन्हांकन भी सतत रूप से किया जा रहा है, जिससे मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके। सत्यापन प्रक्रिया में घर-घर जाकर तथ्य जुटाए जा रहे हैं । कार्य के सुचारु रूप सम्पादन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी सुशील त्रिपाठी के निर्देशन में निरंतर निगरानी जारी है ।
फॉर्म स्कैनिंग, फीडिंग आदि तकनीकी पक्ष को सुदृढ़ करने हेतु उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर हैदरपुर के सहायक अध्यापक योगेश प्रताप सिंह द्वारा फॉर्म स्कैनिंग एवं विशेष तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है । वहीं फॉर्म भरने का दायित्व नगर पंचायत रामगंज की तरफ से नीरज सिंह द्वारा संभाला गया है, जिससे दस्तावेज़ीकरण प्रक्रिया और अधिक व्यवस्थित व तीव्र हुई है ।
अभियान की मैदानी निगरानी सुपरवाइजर रफीक खान कर रहे हैं, जबकि बी.एल.ओ. राजमणि सिंह क्षेत्र में जाकर मतदाता विवरण के सत्यापन, मृतक/शिफ्टेड मतदाताओं की पहचान तथा आवश्यक फॉर्म कार्यवाही में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं । विद्यालय स्तर पर समूचे कार्य की प्रगति व जवाबदेही प्रधानाध्यापक विजय प्रताप सिंह निभा रहे हैं ।
नगर पंचायत रामगंज की तरफ से हिमांशु सिंह व चंद्रकेश सिंह भी फॉर्म संकलन व व्यवस्थापन में सतत सक्रिय हैं । प्रबंधन के अनुसार अब तक विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत 62 प्रतिशत प्रगति दर्ज हो चुकी है और शेष कार्य को भी तय समय-सीमा के अनुरूप पूरा किया जा रहा है।














