प्रतापगढ़, 21 जून 2025। राजस्थान के कोटा में कोचिंग संस्थान मोशन में पढ़ने वाले प्रतापगढ़ के युवा अबू हंजला ने नीट परीक्षा 2025 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। शहर के बेगमवार्ड निवासी अबू हंजला, पुत्र सेरात अहमद, ने मात्र एक साल की कठिन मेहनत से पहले प्रयास में नीट परीक्षा में 529 अंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे प्रतापगढ़ को गौरवान्वित किया है।
मोशन कोचिंग संस्थान के निदेशक ऋषभ त्रिपाठी ने अबू हंजला की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें और उनके परिजनों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि मोशन में कोटा के अनुभवी शिक्षकों द्वारा जेईई, नीट और फाउंडेशन कोर्स की तैयारी करवाई जाती है। संस्थान की व्यवस्थित शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों की लगन का ही परिणाम है कि अबू हंजला जैसे मेधावी छात्रों ने यह मुकाम हासिल किया।
अबू हंजला के चयन के उपलक्ष्य में मोशन कोचिंग संस्थान में एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें माल्यार्पण कर और मुंह मीठा कराकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और सहपाठियों ने भी उनकी उपलब्धि की सराहना की। अबू ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, माता-पिता और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि कोटा के अनुशासित माहौल और मोशन की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ने उन्हें यह सफलता दिलाई।