• Home
  • राजनीति
  • यूपी में भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन? पंकज चौधरी को मिलने लगी बधाइयां
यूपी में भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन?

यूपी में भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन? पंकज चौधरी को मिलने लगी बधाइयां

लखनऊ, 12 दिसंबर 2025। उत्तर प्रदेश में भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। पार्टी के भीतर मंथन जारी है, वहीं बाहर जनता और कार्यकर्ताओं के बीच अनुमानों और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, व्हाट्सऐप और एक्स पर कार्यकर्ता और समर्थक एक-दूसरे को उन्हें अग्रिम बधाई देते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से किसी भी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पंकज चौधरी का नाम चर्चा के केंद्र में है और कई दिग्गज नेता भी इसे सिरे से खारिज नहीं कर रहे।

महराजगंज से सांसद पंकज चौधरी वर्तमान में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री हैं। वह लगभग चार दशक से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठन में अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। लंबे अनुभव, जनस्वीकार्यता और संगठनात्मक पकड़ के कारण उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर महीनों से चल रही अटकलें अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई हैं। पार्टी ने हाल ही में प्रांतीय परिषद के सदस्यों की घोषणा की है। यह वही परिषद है जिसके लगभग 400 सदस्य प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करते हैं। परिषद के गठन के बाद अब यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि भाजपा नेतृत्व प्रदेश संगठन में बदलाव को अंतिम रूप देने की ओर बढ़ चुका है।

पार्टी के सूत्रों के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भीतरखाने सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। चर्चा यह भी है कि 16 दिसंबर को शुरू हो रहे खरमास से पहले भाजपा अपना नया प्रदेश अध्यक्ष चुनने की कोशिश करेगी, ताकि संगठनात्मक बदलावों को समय पर लागू किया जा सके और आगामी चुनावी तैयारियों को नई गति मिल सके।

प्रदेश अध्यक्ष पद भाजपा के लिए न केवल संगठनात्मक रूप से बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी राजनीतिक प्रयोगशाला है और पार्टी राज्य में अपनी लगातार पकड़ बनाए रखने के लिए एक मजबूत नेतृत्व चाहती है। आने वाले कुछ दिनों में पार्टी द्वारा औपचारिक घोषणा होने की संभावना है, जिससे अटकलों पर विराम लग सकेगा।

फिलहाल, तमाम कयासों के बीच पंकज चौधरी का नाम सबसे अधिक चर्चा में है और प्रदेश भर में समर्थक उनकी संभावित नियुक्ति को लेकर उम्मीद जताते नजर आ रहे हैं।